रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ की मेजबानी में देश में पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम आज 3 अप्रैल को शाम 5 बजे रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- नक्सल मुक्त होने के बाद गांव में लगा शिविर
समारोह में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर एम.सी. मैरीकॉम और भारतीय फुटबॉल के दिग्गज बाइचुंग भूटिया विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
गौरतलब है कि 25 मार्च से राज्य के तीन शहरों—रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर—में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें देश के 30 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के लगभग 2000 जनजातीय खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए।
समापन समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। कार्यक्रम में केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा राज्य शासन के मंत्रीगण, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर जिले के विधायकगण, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष भी समारोह में शामिल होंगे।



