भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में हनुमान जयंती के मौके पर बिना अनुमति स्थापित की गई हनुमान जी की प्रतिमा को लेकर गुरुवार को विवाद खड़ा हो गया। भिलाई नगर निगम द्वारा प्रतिमा हटाने की कार्रवाई के दौरान हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं और निगम अधिकारियों के बीच जमकर हंगामा हुआ।
यह भी पढ़े :- DA Hike : श्रमिकों के लिए खुशखबरी…! छत्तीसगढ़ में श्रमिकों का बढ़ा DA…1 अप्रैल से नई वेतन दरें लागू…List यहां देखें
जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर स्थित एक गार्डन के योग एरिया में बुधवार रात अज्ञात लोगों द्वारा हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी। इसकी सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह भिलाई नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और प्रतिमा हटाने की कोशिश की। इस दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में सब्बल से प्रतिमा हटाने का प्रयास किया गया, जिसका स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध किया।
विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं और निगम अधिकारियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जोन आयुक्त के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर सुपेला थाना के बाहर करीब तीन घंटे तक धरना दिया। इस दौरान पुलिस के साथ भी जमकर बहस हुई।
हिंदू संगठन के पदाधिकारी अविरल सिंह ने कहा कि गार्डन के एक खाली हिस्से में प्रतिमा स्थापित थी, जिसे तोड़ना या खंडित करना गलत है। उन्होंने बताया कि हनुमान जयंती के कारण प्रतिमा हटाने के लिए 24 घंटे का समय मांगा गया था और इसकी लिखित सूचना निगम को दी गई थी, बावजूद इसके कार्रवाई की गई।
वहीं, भिलाई नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी तिलेश्वर साहू ने बताया कि प्रतिमा रात में अवैध रूप से स्थापित की गई थी, जिसे हटाने के लिए टीम भेजी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि गार्डन की बाउंड्री को नुकसान पहुंचाया गया है, जिसके संबंध में निगम द्वारा भी एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि हिंदू संगठनों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



