रायपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आपसी रंजिश और अवैध संबंधों के शक में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रतनपुर थाना क्षेत्र के पेंडरवा गांव में एक मुस्लिम परिवार पर तलवार और चाकू से हमला कर एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई, जबकि परिवार के 7 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 5 मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुरेश श्रीवास अपने दो बेटों के साथ शेख सलीम के घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे शेख सलीम और चांदी खान को निशाना बनाने आए थे, लेकिन उनके घर पर नहीं मिलने पर गुस्से में पूरे परिवार पर हमला कर दिया।
बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या
हमलावरों ने घर में मौजूद बुजुर्ग महिला मुदाद बेगम पर तलवार से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान परिवार की अन्य महिलाएं और सदस्य बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
“जो सामने आया, उस पर हमला किया”
घायलों ने बताया कि हमलावरों ने बिना भेदभाव के जो भी सामने आया, उस पर हमला किया। एक घायल छात्रा ने बताया कि उसकी दादी की हत्या कर दी गई और अन्य पर भी बेरहमी से वार किए गए।
घटना के बाद आरोपियों ने किया सरेंडर
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी खुद ही पुलिस थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। घायल परिजन भी थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया।
अवैध संबंध का विवाद बताया जा रहा कारण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुरेश श्रीवास की पत्नी के शेख सलीम के साथ कथित संबंध थे। इसी विवाद के चलते दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव था। कुछ माह पहले इस कारण तलाक भी हो चुका था।
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने भी मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



