रायपुर। उरला थाना क्षेत्र में शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में मिली महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी अमित सिसोदिया (पारधी) निकला, जो मृतका का प्रेमी था।
यह भी पढ़े :- ई-रिक्शा के बहाने लूट, गुढ़ियारी पुलिस ने एक घंटे में पकड़े दोनों आरोपी
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च 2026 की शाम बच्चों ने स्कूल परिसर के पीछे एक महिला का शव पड़ा देखा, जिसके सिर और चेहरे पर पत्थर से वार के निशान थे। पास में खून से सना पत्थर भी मिला था। सूचना मिलने पर उरला पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की पहचान राधा पट्टी (30) निवासी पौनी, जिला अनुपपुर (मध्यप्रदेश), हाल निवास पारधी मोहल्ला उरला के रूप में की। पुलिस टीम ने सीन ऑफ क्राइम टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच आगे बढ़ाई और संदेह के आधार पर उरला निवासी अमित सिसोदिया को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह मृतका का प्रेमी था और दोनों साथ में रह रहे थे। आरोपी को महिला के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते उसने गुस्से में आकर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पत्थर बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमित सिसोदिया (35), पिता कृष्णा कुमार सिसोदिया, निवासी पारधी पारा उरला के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



