रायपुर, 01 अप्रैल। CG Liquor Scam : छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को राजीव भवन में कार्यरत अकाउंटेंट शिशुपाल साहू, गजेन्द्र यादव, सोहन समेत 4 कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार, EOW की टीम ने सुबह करीब 11 बजे कर्मचारियों को तलब किया और करीब 10 घंटे तक उनसे पूछताछ की गई। टीम वित्तीय लेन-देन से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
जांच के दौरान अधिकारियों ने अकाउंटेंट से पिछले 3 वर्षों के बैंक खातों की पूरी जानकारी मांगी है। इसके साथ ही कई अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। एजेंसी अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि पार्टी फंड में जमा रकम का उपयोग किस तरह किया गया और कहीं इसमें कोई अनियमितता तो नहीं हुई।
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी EOW के साथ मिलकर जांच कर रहा है। दोनों एजेंसियां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की तलाश में जुटी हैं, जो लंबे समय से फरार बताए जा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।



