रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के NIT के पास स्थित नालंदा परिसर में एक MBBS छात्र के साथ देर रात मारपीट का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित छात्र अंजन पांडा, जो ओडिशा का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के डगनिया क्षेत्र में रहता है, ने सरस्वती नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। छात्र का आरोप है कि करीब 20 से 25 युवकों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।
शिकायत के अनुसार, घटना 28-29 मार्च की दरमियानी रात की है। छात्र नालंदा परिसर स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने छात्र को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में कुछ आरोपियों के नाम भी बताए हैं, जिनमें ओज प्रकाश पांडे, नमन चौहान, सदर बाजार निवासी रौनक जैन, हैदर और श्रेयांश सहित करीब 20 लोग शामिल हैं। छात्र के अनुसार, ओज प्रकाश पांडे NSUI से जुड़ा हुआ है और अन्य युवक भी उसके साथ मौजूद थे।
घटना के बाद घायल छात्र ने सरस्वती नगर थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत तो दर्ज कर ली है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक FIR दर्ज नहीं की गई थी।



