रायपुर। पेट्रोल और डीजल में एक्साइज ड्यूटी घटाए जाने के फैसले को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
यह भी पढ़े :- “भुगतान दो वरना आत्मदाह!”- PHE ठेकेदार की चेतावनी से मचा हड़कंप
भूपेश बघेल ने कहा कि जिन लोगों को इस कटौती से राहत मिले, वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सार्वजनिक अभिनंदन करें और अगर राहत नहीं मिले तो उन्हें “लानत भेजें सांय सांय”। उन्होंने आरोप लगाया कि यह राहत तेल कंपनियों को दी गई है। सरकार चाटुकारिता करने के लिए जनता को लाभ मिलने की अफवाह फैला रही है। बघेल ने दावा किया कि जनता को एक कौड़ी भी राहत नहीं मिलने वाली।

पूर्व मुख्यमंत्री के इस पोस्ट पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने भूपेश बघेल पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा, “आपकी इन्हीं हरकतों के कारण जनता ने लानत भेजकर आपको पहले ही बाहर का रास्ता दिखा दिया था।”
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि भूपेश बघेल को अपना इतिहास याद कर लेना चाहिए। कोविड महामारी के समय जब पूरी दुनिया संकट से जूझ रही थी और लोग आर्थिक मुश्किलों में थे, तब कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल पर वैट बढ़ाकर आपदा को अवसर बनाकर वसूली की थी।
मंत्री ने आगे कहा कि आज जब दुनिया युद्ध और वैश्विक हालात के कारण महंगे तेल से जूझ रही है, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों पर बोझ न बढ़े, इसलिए केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला लिया है। लेकिन भूपेश बघेल को इस बात से तकलीफ है कि जनता को राहत मिल रही है।
ओपी चौधरी ने कहा, “आपके समय में आपदा वसूली का अवसर था, जबकि मोदी जी के नेतृत्व में संकट के समय में भी जनता को राहत देने का संकल्प है।



