रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक बड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार था और नागपुर में छिपकर बैठा था। पुलिस ने उसे पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले की जानकारी के अनुसार, 22 दिसंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली थी कि अमलीडीह स्थित वरुण अपार्टमेंट में कुछ युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर रखकर उसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर मौके से कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से 11.560 ग्राम ब्राउन शुगर, मोबाइल फोन और नगदी सहित कुल 1.63 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया था।
इस कार्रवाई में कुल सात आरोपियों को 25 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि ड्रग तस्कर चंदन ठाकुर और एक अन्य आरोपी फरार हो गए थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि आरोपी चंदन ठाकुर नागपुर (महाराष्ट्र) में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने रायपुर पुलिस कमिश्नर से अनुमति लेकर नागपुर में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे 27 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में ड्रग तस्करों और नशा करने वालों को ब्राउन शुगर की सप्लाई करता था। मामले में आगे की जांच जारी है।


