रायपुर/28 मार्च 2026। भाजपा सरकार पर अवैध कारोबार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा भाजपा सरकार में जंगलराज स्थापित हो गया है। नशा और सट्टा का कारोबार तेजी से फैल रहा है, तस्कर एवं सट्टा के अवैध कारोबार करने वालों पर कानून का भय खत्म हो गया है। प्रदेश के गांव-गांव में महादेव, गजानंद, अरुण शक्ति बैटिंग ऐप से ऑनलाइन क्रिकेट जुआ, सट्टा चल रहा है। अफीम एवं गांजा की खेती हो रही है। नशीली वस्तुयें, गांजा, ड्रग्स, अफीम, सूखा नशा, अवैध शराब बिक रहा, हुक्का बार चल रहा, लाइसेंसी बारो में महिलाओं को सप्ताह के एक खास दिन में फ्री शराब ऑफर की जा रही है। सड़क के किनारे में शराबखोरी हो रही। हर वर्ग नशा एवं जुआ के जाल में फंस रहा है। जिम्मेदार इसे रोकने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे है। जिसके चलते मारपीट झगड़ा एवं विवाद हो रहा है, अपराधिक घटनाएं बढ़ रही है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि महादेव, गजानंद, अरुण शक्ति बेटिंग ऐप से सट्टा जुआ हो रहा है, आखिर सरकार इसे रोक क्यां नहीं रही है? केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है, फिर ये ऑनलाइन बैटिंग ऐप कैसे संचालित हो रहा है? रायपुर, भाटापारा, तिल्दा नेवरा, गोबर नवापारा, बलौदाबाजार, बिलासपुर, महासमुंद, धमतरी, बस्तर से लेकर गांवों तक सटोरियों का जाल फैल गया। घर बर्बाद हो रहा है। सरकार के नुमाइंदे मौन क्यों है? गृहमंत्री विजय शर्मा अपनी जिम्मेदारी क्यों निभा नहीं रहे है? क्या ये माना जाये इन अवैध कार्यो को संरक्षण और बढ़ावा भाजपा नेता दे रहे है? छत्तीसगढ़ की गरीब जनता को लूटा जा रहा है। सरकार कड़ाई से इन अवैध कारोबार पर कार्यवाही करें।


