रायपुर : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां उद्योग मंत्री और सांसद के बंगले के पास एक नर्स युवती पर बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद चाकू युवती की पीठ में ही फंसा रह गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़े :- अयोध्या में रामलला का ‘सूर्य तिलक’: ललाट पर चमकीं दिव्य किरणें, भक्तों ने किया दर्शन
घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंप हाउस डी बंगला रोड की है। जानकारी के अनुसार, पंप हाउस निवासी युवती एक निजी अस्पताल की लैब में नर्स के रूप में कार्यरत है। वह रोज की तरह सुबह करीब 10:30 बजे अपने घर से पैदल निहारिका स्थित लैब में ड्यूटी के लिए जा रही थी।
इसी दौरान मंत्री और सांसद के बंगले के पास बाइक सवार दो युवक पहुंचे और पीछे से युवती की पीठ पर चाकू से वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि चाकू युवती की पीठ में ही धंसा हुआ था। दर्द से कराहते हुए युवती ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे।
घटना के बाद युवती ने अपने एक परिचित को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही उसका दोस्त मौके पर पहुंचा और गंभीर हालत में उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर रवाना हुआ, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। वहीं, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि युवती पैदल ड्यूटी पर जा रही थी, तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने पीछे से हमला किया और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है, क्योंकि युवती भी आरोपियों को नहीं पहचान सकी है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।



