रायपुर। रामनवमी के अवसर पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने देशवासियों को बधाई देते हुए कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सभी को रामनवमी का पर्व मनाना चाहिए, खासकर कांग्रेस को भगवान राम की पूजा करनी चाहिए क्योंकि उनका जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है।
यह भी पढ़े :- एक मंडप में दो दुल्हनों के साथ सात फेरे, युवक ने एक साथ दो युवतियों से की शादी
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि प्रभु राम को काल्पनिक मानने के बजाय उनके प्रति आस्था रखनी चाहिए और रामनवमी मनानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस को सलाह देते हुए कहा कि पार्टी को भगवान से सद्बुद्धि मांगनी चाहिए, ताकि वह छत्तीसगढ़ में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभा सके।
कांग्रेस द्वारा पंचायत स्तर पर कमेटी गठन के बयान पर निशाना साधते हुए मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस “बोलती कुछ और करती कुछ है”। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी अब तक प्रदेश, ब्लॉक और मंडल स्तर पर अपना संगठन मजबूत नहीं कर पाई है, ऐसे में पंचायत स्तर पर कमेटी बनाना उनके लिए नामुमकिन है।
विधायक ने कहा कि कांग्रेस का जनाधार खिसक चुका है और उसकी स्थिति काफी कमजोर हो गई है।
इसके अलावा, छत्तीसगढ़ की जेलों में 285 कैदियों की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) द्वारा नोटिस जारी किए जाने पर भी पुरंदर मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि साय सरकार पूरी तरह सतर्क है और हर स्थिति पर नजर रख रही है।
मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जो भी गड़बड़ी करेगा, उसे सरकार बख्शेगी नहीं। शासन अपने स्तर पर लगातार काम कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



