कोरिया (छत्तीसगढ़)। जिले की पटना तहसील में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने भारी नुकसान पहुंचाया है। तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 7 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से पशुपालकों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।
यह भी पढ़े :- मक्के की फसल के बीच छिपाकर उगाया जा रहा था गांजा, दो किसान गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब बारिश से बचने के लिए मवेशी एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान अचानक तड़ित गिरने से सभी मवेशी उसकी चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से संबंधित पटवारी को निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ित पशुपालकों का सर्वे कर शीघ्र मुआवजा प्रक्रिया पूरी की जाए।
हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।



