रायपुर। महादेव सट्टा एप मामले में कार्रवाई को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान कई घोटाले और प्रदेश को नुकसान पहुंचाने वाले मामले सामने आए थे। वर्तमान सरकार इन मामलों में सख्ती से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच के तहत संपत्तियों को सीज किया जा रहा है और भ्रष्टाचार के नए तरीकों पर भी निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा, राज्य में नए साइबर थाने स्थापित करने का काम भी जारी है।
यह भी पढ़े :- महादेव सट्टा: दुबई से दिल्ली तक रायपुर ईडी की बड़ी कार्यवाही-सौरभ चंद्राकर की 1700 करोड़ की संपत्तियां अटैच
आबकारी विभाग में मैनपावर ठेका एक ही एजेंसी को दिए जाने के आरोपों पर साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में अराजकता और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया, इसलिए उन्हें हर जगह वही नजर आता है। साव ने स्पष्ट किया कि राज्य में सभी टेंडर प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार पारदर्शी ढंग से की जा रही हैं और कांग्रेस को बेबुनियाद आरोप लगाना बंद करना चाहिए।
नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य देश को नक्सलमुक्त बनाना है। बस्तर क्षेत्र में शांति, विकास और खुशहाली लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
रायपुर में प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को लेकर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि सभी योजनाएं स्वीकृत हैं और शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सरकार ठोस रणनीति के साथ काम कर रही है।



