रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अफीम की अवैध खेती, विदेश नीति और नक्सलियों के आत्मसमर्पण जैसे अहम मुद्दों पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ किया कि राज्य में कहीं भी अफीम की खेती बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसमें संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़े :- नक्सलवाद पर बस्तर में भारी झटका! दंडकारण्य सब-जोनल कमेटी सदस्य पापाराव समेत 18 नक्सली सरेंडर, 7 महिलाएं भी शामिल
सीएम साय ने बताया कि दुर्ग जिले में अफीम की खेती सामने आने पर सभी कलेक्टरों को तत्काल सख्त निर्देश दिए गए थे। कई स्थानों पर पुलिस ने कार्रवाई कर खेती को चिन्हांकित किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि चाहे कितने भी बड़े रसूखदार क्यों न हों, सरकार कार्रवाई जरूर करेगी। इस मुद्दे पर कलेक्टरों की बैठक भी ली गई थी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
विदेश नीति को लेकर विपक्षी आरोपों पर पलटवार करते हुए सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के मजबूत नेता हैं और उनकी विदेश नीति प्रभावी है। उन्होंने बताया कि भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए रास्ते खुले हैं और गैस व तेल की आपूर्ति भी सुगम हुई है।
नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का स्पष्ट संकल्प है कि देश से नक्सलवाद खत्म किया जाएगा। 31 मार्च तक लगातार नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं, जिसमें पापाराव जैसे बड़े नक्सली भी शामिल हैं। सीएम साय ने इसे राज्य और देश के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।



