रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में अवैध अफीम की खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में मुख्य आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है।
यह भी पढ़े :- टाइगर रिजर्व में ‘मौत का सिस्टम’! एक महीने में दूसरी दर्दनाक मौत
पुलिस के अनुसार, आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। सूचना मिलने पर रायगढ़ पुलिस और एएनटीएफ टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से 60,326 अफीम के पौधे बरामद किए, जिनका कुल वजन 2877 किलोग्राम था।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मार्शल संगा अपने साथियों एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर इस अवैध खेती को संचालित कर रहा था। इस संबंध में तमनार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मुख्य आरोपी मार्शल संगा की गिरफ्तारी के बाद फरार आरोपियों की तलाश के लिए एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर साइबर सेल और तमनार थाना की विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने ओडिशा और झारखंड में लगातार दबिश दी।
लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम झारखंड स्थित आरोपी के गृहग्राम तक पहुंची, लेकिन भनक लगते ही आरोपी पहाड़ी इलाके में छिप गए। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से सर्च ऑपरेशन चलाकर जंगल में भाग रहे एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को रायगढ़ लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया है। वहीं, दूसरे आरोपी सीप्रियन भेंगरा की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



