रायपुर। भाठागांव न्यू बस स्टैंड से बस चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की बस भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी अब्दुल अलीम निवासी डुमतराई ने टिकरापारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बस ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते हैं। 6 मार्च 2026 की शाम बस क्रमांक CG-07-E-0782 को चालक ने भाठागांव न्यू बस स्टैंड में खड़ा किया और चाबी चालक सीट के नीचे रखकर घर चला गया। अगले दिन सुबह बस मौके से गायब मिली।
रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप कुमार पटेल और पुलिस उपायुक्त (क्राइम व साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों के हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही बस में लगे फास्टैग के आधार पर विभिन्न टोल प्लाजा से भी जानकारी जुटाई गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान मनबोध रात्रे उर्फ टेटू (24) निवासी गेवरा बस्ती के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने तरौंद गांव में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बस स्टैंड में हेल्पर का काम करता था और बसों की गतिविधियों से परिचित था। मौके का फायदा उठाकर उसने बस की चाबी उठाई और बस को स्वयं चलाकर वहां से चोरी कर ले गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बस जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



