रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के चिखली गांव में दो युवकों के शव पेड़ से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान दीपक बरेठ (21 वर्ष) निवासी तेतला, जिला रायगढ़ और शिवशरण कर्ष (22 वर्ष) निवासी कटंगपाली, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दीपक अपने दोस्त लाभोराम के साथ शिवशरण को उसके गांव कटंगपाली से जन्मदिन की पार्टी के लिए लेने गया था। रास्ते में उन्होंने अपने एक अन्य दोस्त को उतार दिया, जिसके बाद दोनों युवकों ने देर शाम साथ बैठकर शराब पार्टी की।
प्रारंभिक आशंका है कि शराब के नशे में दोनों युवकों ने साड़ी से फंदा बनाकर पेड़ पर लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
सूचना मिलने पर पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।



