कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। लक्ष्मण बन तालाब स्थित काली मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान की पक्की बाउंड्री वॉल का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे में दबकर दो वर्षीय मासूम धनेश कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब कुछ बच्चे दीवार के पास खेल रहे थे और स्थानीय लोग वहां से गुजर रहे थे। अचानक दीवार गिरने से आसपास खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबे लोगों को मोहल्लेवासियों ने तुरंत बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) समेत तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दीवार गिरने से पास में खड़ा एक ऑटो और एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना से आक्रोशित बस्तीवासियों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली थाना कोरबा का घेराव किया। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर मार्ग पर आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदारों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।



