महासमुंद : महासमुंद नक्सल जोनल कमेटी ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर सरेंडर करने की अपनी इच्छा जताई है। मिली जानकारी के अनुसार, BBM, बरगढ़, बलांगीर और महामुंद नक्सल जोनल कमेटी ने यह पत्र भेजा था।
छत्तीसगढ़ के 14 नक्सली करेंगे सरेंडर!
सरेंडर की प्रक्रिया के तहत अधिकारियों को मौजूदा सक्रिय नक्सलियों की सूची भी प्राप्त हुई है। इसमें कुल 15 नक्सली शामिल हैं। सूची के अनुसार इनमें से 14 नक्सली छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि एक विकास नक्सली (SCM कैडर) तेलंगाना का निवासी है।
गृह मंत्री के नाम मिला चौंकाने वाला पत्र
बता दें की रविवार देर रात विधायक दल की बैठक के बाद गृह मंत्री विजय शर्मा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पश्चिम सब-जोनल ब्यूरो सचिव विकास ने पत्र लिखकर आत्मसमर्पण की इच्छा जताई है। पत्र में गृह मंत्री से सुरक्षित वापसी और पुनर्वास को लेकर रेडियो संदेश जारी करने का अनुरोध किया गया है। गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले से ही नक्सलियों की पुनर्वास नीति पर कार्य कर रही है। वन क्षेत्रों में सहकारिता के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वन उपज और अन्य साधनों के जरिए उनके जीविकोपार्जन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। गृह मंत्री विजय शर्मा ने यह भी कहा कि वे शीघ्र ही आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों की सुरक्षित वापसी और पुनर्वास को लेकर वीडियो संदेश जारी करेंगे। सरकार का उद्देश्य मुख्यधारा से जुड़े लोगों को स्थायी और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।




