बिलासपुर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कतियापारा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल युवक की पहचान अभय पांडेय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अभय ने अचानक खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों की मदद से आग बुझाकर युवक को तत्काल छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में भर्ती कराया।
पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक मानसिक तनाव से गुजर रहा था। पारिवारिक विवाद को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी पिछले दो महीनों से उससे अलग रह रही थी।
इसके अलावा युवक के शराब के नशे में विवाद करने की बात भी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक वह पिछले एक महीने से काम पर नहीं जा रहा था और घटना के समय भी उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
हालत गंभीर, बयान के बाद आगे की कार्रवाई
फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



