रायपुर (छत्तीसगढ़), 22 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री Narendra Modi के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड का श्रवण किया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला और अखिलेश सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को सामने लाने वाला सशक्त मंच बन चुका है। यह कार्यक्रम समाज में सेवा, नवाचार और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि देशवासी हर महीने इस कार्यक्रम का इंतजार करते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence) के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता और संभावनाओं का उल्लेख किया। दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में भारत की तकनीकी ताकत की सराहना हुई और ‘मेड इन इंडिया’ के तीन एआई मॉडल लॉन्च किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भी स्टार्टअप संस्कृति और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए तकनीकी नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में धान की 500 से अधिक किस्मों की खेती हो रही है और भारत विश्व का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बन चुका है। इसमें छत्तीसगढ़ सहित देशभर के किसानों, वैज्ञानिकों और नीतियों का योगदान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमूल के माध्यम से पशु चिकित्सा और डेयरी प्रबंधन में एआई के उपयोग और ‘सुश्रुत संहिता’ जैसे प्राचीन ग्रंथों के संरक्षण का उल्लेख कर परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय को रेखांकित किया।
उन्होंने केरल की 10 माह की बालिका आलिन शेरिन अब्राहम के अंगदान के निर्णय को मानवता की मिसाल बताया और कहा कि यह समाज में जागरूकता बढ़ाने वाला कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने डिजिटल फ्रॉड और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने, केवाईसी और बैंकिंग सुरक्षा पर ध्यान देने का संदेश दिया। साथ ही टी-20 विश्व कप में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की उपलब्धियों, राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘राजाजी उत्सव’ में सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा स्थापना, परीक्षार्थियों को आत्मविश्वास का संदेश और रमजान व होली की शुभकामनाओं के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ का आह्वान भी किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘मन की बात’ आत्मनिर्भर भारत, तकनीकी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में देश को प्रेरित करने वाला प्रभावी संवाद है, जो आम नागरिकों की सकारात्मक पहल को राष्ट्रीय पहचान दिलाता है।



