रायगढ़। जिले में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। कोलकाता के एक होटल में छापेमारी कर पुलिस ने 5 नामी सटोरियों और उनके 2 साथियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में 25 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट और 3,600 रुपये नकद समेत करीब 6.30 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में जुआ और सट्टा पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा और हर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
जानकारी के अनुसार, पिछले साल अप्रैल 2025 में रायगढ़ पुलिस ने पहले भी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के आरोपियों को गिरफ्तार किया था। कोतवाली पुलिस ने गांजा चौक में अमित अग्रवाल को सट्टा खेलते हुए पकड़ा था, जबकि चक्रधरनगर थाना और साइबर सेल ने डिग्री कॉलेज सब्जी मंडी के पास अंकित बानी और भरत कुमार रोहिला को गिरफ्तार किया था।
जांच के दौरान धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूक और रोहित बुटानी समेत अन्य की संलिप्तता सामने आई थी। फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया था।
एसएसपी की अगुवाई में कोलकाता पुलिस की मदद से हुई छापेमारी में धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद, मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूक, रोहित बुटानी, अंकित सराफ और अजीत विश्वास को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने जेएमडी क्रिकेट बेटिंग एप के जरिए सट्टा संचालन की बात स्वीकार की। पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में पिछले एक माह में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ।
पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है और संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ भी अलग से कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी और उनके जुर्म का विवरण:
धर्मेंद्र शर्मा – कोतवाली अपराध क्रमांक 173/2025 और चक्रधरनगर अपराध क्रमांक 169/2025
शेख मोहम्मद शाहबाज – कोतवाली अपराध क्रमांक 173/2025
मोहम्मद मजहर – कोतवाली 173/2025 और चक्रधरनगर 169/2025
मोहम्मद फारूक – कोतवाली 173/2025 और चक्रधरनगर 169/2025
रोहित बुटानी – चक्रधरनगर 169/2025
अंकित सराफ और अजीत विश्वास – जांच जारी



