रायपुर। राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वर मंदिर परिसर में दर्शन के लिए गई एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। अज्ञात चोर ने मंदिर में मौजूद भारी भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता के बेटे कोणाल देवरनकर ने डीडी नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी मां मंदिर दर्शन के लिए गई थीं और उस दौरान उन्होंने सोने की चेन पहन रखी थी। दर्शन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने चेन तोड़ ली।
घर पहुंचने के बाद महिला को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद बेटे को पूरी बात बताई गई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
डीडी नगर थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



