दिल्ली : राजधानी में फर्जी NIA अधिकारी गिरफ्तार होने का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो खुद को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करता था। आरोपी के साथ एक नाबालिग लड़का भी मिला, जिसे वह उसके परिवार को झूठ बोलकर दिल्ली लेकर आया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस बुधवार को गश्त पर थी। इस दौरान दिल्ली चलो पार्क के पास एक काली कार संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी। कार में मौजूद दो लोगों से पूछताछ की गई। एक व्यक्ति ने अपना नाम मुदस्सर बताया और खुद को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का निवासी बताया। पूछताछ के दौरान उसने खुद को NIA अधिकारी बताया और एक आई-कार्ड भी दिखाया। हालांकि, पुलिस को आई-कार्ड संदिग्ध लगा और गहन जांच में वह फर्जी निकला।
जांच में सामने आया कि आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दिल्ली में नौकरी दिलाने का झांसा देता था। नाबालिग लड़के के परिजनों से भी उसने नौकरी के नाम पर एडवांस रकम ली थी। लोगों को भरोसे में लेने के लिए वह फर्जी आई-कार्ड का इस्तेमाल करता था।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक कितने लोगों को ठगा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



