Bangladesh News। बांग्लादेश के अंतरिम नेता मुहम्मद यूनुस ने सोमवार को ढाका में इस्तीफा देकर BNP के तारिक रहमान को सत्ता सौंपने की घोषणा की। यूनुस ने यह कदम शेख हसीना के जाने के बाद बनी अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के तौर पर चुनी हुई सरकार को सत्ता सौंपने से पहले उठाया। अपने विदाई संदेश में उन्होंने लोकतंत्र, बोलने की आजादी और बुनियादी अधिकारों को बनाए रखने पर जोर दिया।
यूनुस ने भाषण में कहा, “आज अंतरिम सरकार पद छोड़ रही है, लेकिन लोकतंत्र और बुनियादी अधिकारों का जो चलन शुरू हुआ है, उसे रोका न जाए। यह बांग्लादेश के युवाओं के लिए बड़ी आजादी का दिन था।” अगस्त 2024 में हसीना सरकार गिरने के कुछ दिनों बाद यूनुस देश लौट आए थे। उन्होंने यह भी बताया कि देश की संस्थाओं को फिर से मजबूत किया गया और सुधारों की दिशा तय की गई।
बीते शुक्रवार हुए आम चुनाव में BNP ने 297 में से 209 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटें मिलीं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था।
60 वर्षीय तारिक रहमान मंगलवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह बंगभवन के बजाय पार्लियामेंट कॉम्प्लेक्स के साउथ प्लाजा में होगा। यूनुस ने कहा कि चुनावों से पहले किए गए सुधारों और संस्थागत बदलावों के बावजूद नई संसद से मंजूरी अभी बाकी है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि लोकतंत्र की प्रक्रिया अब स्थायी होगी।



