रायपुर। राजधानी पुलिस ने गंज क्षेत्र में एक महीने पहले चोरी हुई होंडा एक्टिवा स्कूटर को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। चोरी के मामले में आरोपी देवेंद्र नागेश उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में चोरी की वारदात कबूल ली है।
प्रार्थी अजय कुमार साहू, निवासी साहूपारा फाफाड़ीह गंज ने थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 जनवरी 2026 को उन्होंने अपनी होंडा एक्टिवा (क्र. CG 04 LM 6817) अरिहंत कॉम्प्लेक्स के अंदर पार्किंग में खड़ी की थी। दुकान से लौटने पर स्कूटर गायब था। अज्ञात चोर ने वाहन चुरा लिया था। इस रिपोर्ट पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 47/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश की। जांच के दौरान आरोपी देवेंद्र नागेश उर्फ राहुल की पहचान हुई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की पूरी घटना कबूल ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की होंडा एक्टिवा (क्र. CG 04 LM 6817) जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 40,000 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी
नाम: देवेंद्र नागेश उर्फ राहुल
पिता: स्व. संतोष नागेश
आयु: 25 वर्ष
निवासी: शीतला कॉलोनी, शिव मंदिर के सामने, झंडा चौक, थाना सिविल लाइन, रायपुर
आरोपी के खिलाफ थाना गंज में चोरी का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से अन्य संभावित चोरियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।



