रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पिस्टल और मैग्जीन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और एक खाली मैग्जीन जब्त की गई है। मामले में थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 38/26 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नंदू शर्मा (30 वर्ष) पिता विमल शर्मा, निवासी कुशालपुर तिरंगा चौक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी हत्या और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है।
नॉर्थ जोन के पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने अवैध हथियार रखने और उनकी खरीद-फरोख्त पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 15 फरवरी को भिक्षुक केंद्र के पास एक युवक के पिस्टल लेकर घूमने की सूचना मिली।
सूचना पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके पास पिस्टल और खाली मैग्जीन मिली, लेकिन वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
फिलहाल पुलिस आरोपी से हथियार के स्रोत को लेकर पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।




