रायपुर। राजधानी पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक टोयोटा कार (क्र. एमएच 01 बीयू 9616) में सवार दो तस्करों को 50 किलोग्राम 94 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। कार में अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया गांजा बिक्री के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली। गिरफ्तार आरोपियों से कुल 50.94 किलोग्राम गांजा, 2 लाख रुपये नगदी, 2 मोबाइल फोन और उक्त कार जब्त की गई। जब्त माल की कुल अनुमानित कीमत लगभग 32,67,000 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी:
हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज (28 वर्ष), पिता रमाकांत सरोज, निवासी सुमित बाजार के पास, धमतरी थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी।
हिमांशु दामले (31 वर्ष), पिता रमेश दामले, निवासी आतर गांव, अम्बागढ़ चौकी थाना, जिला मोहला-मानपुर।
प्रकरण में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/26 धारा 20(सी), 29 नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है।
वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने गांजा के कुल 12 प्रकरणों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे 125.658 किलोग्राम गांजा, 2,04,700 रुपये नगदी, 2 चारपहिया वाहन और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 75,09,700 रुपये है।



