जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने भगत सिंह वार्ड क्रमांक 6 के लालबाग स्थित पीटीएस की बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि बाउंड्री वॉल नाली के बहुत करीब बनाई जा रही है, जिससे पुरानी नाली की सफाई में भविष्य में गंभीर परेशानी होगी।
राजेश चौधरी ने बताया कि पीटीएस अधिकारियों से अनुरोध किया गया था कि बाउंड्री वॉल नाली से लगभग 4 फीट दूर बनाई जाए, लेकिन अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज कर नाली के पास ही निर्माण की बात कही। इससे न केवल वार्डवासियों को समस्या होगी, बल्कि नवनिर्मित आईजी कार्यालय का आउटलेट और पीटीएस का पानी भी इसी नाले से बहता है, जिससे अतिरिक्त दिक्कतें उत्पन्न हो सकती हैं।
इस मामले में वार्डवासियों ने आयुक्त नगर पालिक निगम और बस्तर आईजी सुंदरराज पी. को आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया। आईजी ने संबंधित विभाग से बात करके समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
वार्ड निवासियों ने बताया कि समस्या वाले नाले की लाइन में शहीद उपेंद्र साहू का परिवार भी रहता है, जिससे उनके लिए भी सुरक्षा और सफाई की चिंता बनी हुई थी। आईजी और आयुक्त नगर निगम के आश्वासन के बाद वार्डवासी संतुष्ट हुए और जल्द समस्या का समाधान करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी के साथ सिविल लाइन वार्ड से संध्या महंती, मदर टेरेसा वार्ड के पार्षद शुभम यादव, वरिष्ठ कांग्रेसी आभास महंती, और वार्ड के अन्य नागरिक उपस्थित थे।



