बस्तर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल ट्रामाडोल की बिक्री करने वाले आरोपी और उनके सप्लायर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में दोनों के कब्जे से कुल 14 लाख रुपए से अधिक मूल्य की नशीली कैप्सूल बरामद की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गंगामुंडा चौपाटी के पास एक व्यक्ति थैले में नशीली कैप्सूल बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर बोधघाट थाना पुलिस की टीम, नगर पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई के लिए रवाना हुई।
टीम ने आरोपी (36 वर्ष, निवासी भवानी चौक, बोधघाट, जगदलपुर) को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 84 पत्तों में कुल 672 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुई, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख 68 हजार 800 रुपए आंकी गई। पूछताछ में उसने सप्लायर की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी द्वारा बताए गए नवरंगपुर (ओडिशा) स्थित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर में दबिश दी। वहां से मेडिकल स्टोर संचालक (61 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। तलाशी में स्टोर के पीछे अस्थाई रसोईघर में 12 डिब्बों में रखी 2,848 ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त की गई, जिनकी कीमत लगभग 11 लाख 39 हजार 200 रुपए है।
13 फरवरी को दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय एनडीपीएस में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।



