रायपुर। राजधानी रायपुर के एम्स में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से करीब 6 लाख रुपए की ठगी और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया। आमानाका थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रितेश चंद्राकर (26), पांडातराई, कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।
जानकारी के अनुसार, रितेश चंद्राकर ने करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए पीड़िता से दोस्ती की और खुद को एम्स रायपुर में कार्यरत तथा अधिकारियों से ऊंची पहुंच वाला बताया। आरोपी ने युवती को भरोसा दिलाया कि वह उसकी नौकरी एम्स रायपुर में लगवा देगा। इसी भरोसे में पीड़िता ने अलग-अलग किस्तों में करीब 6 लाख रुपए आरोपी को दे दिए, जिसे युवती ने कर्ज लेकर जुटाया था।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे विश्वास दिलाने के लिए फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया। जब युवती एम्स पहुंची तो पता चला कि दस्तावेज फर्जी हैं और उसके साथ ठगी हुई है। इसके बाद आरोपी ने आमनाका स्थित एक होटल में पीड़िता को बुलाकर दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।



