गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही :- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक मामला सामने आया है। 18 साल के कृष्णा भैना और 21 वर्षीय अनिता भैना ने शादी न हो पाने की हताशा में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और वे शादी के लिए बेताब थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों ने अरपा महोत्सव के दौरान होने वाले सामूहिक विवाह में शामिल होने के लिए पंजीयन कराने की कोशिश की, लेकिन कृष्णा की उम्र कम होने के कारण पंजीयन नहीं हो सका और शादी टल गई। घरवालों ने समझाया कि लड़के की उम्र पूरी होने पर दोनों की शादी करा दी जाएगी, लेकिन इस बात से दोनों की हताशा कम नहीं हुई।
पुलिस जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई कि पिछले तीन महीनों से दोनों प्रेमी-प्रेमिका गांव में ही एक ही घर में लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। शादी के सपने टूटने के बाद दोनों ने मानसिक रूप से टूटकर यह कदम उठाया।
बीती रात सबसे पहले अनिता ने घर में फांसी लगा ली। कृष्णा ने उसे फांसी से उतारा और परिजनों को सूचना दी। लेकिन दुख और हताशा से अभिभूत होकर उसी रात उसने भी घर के बाहर नीलगिरी के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
इस घटना ने पूरे परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रेमी जोड़े के इस कदम से परिजन पूरी तरह टूट चुके हैं।
सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है, जिसमें दोनों के बीच संबंध, परिवार की भूमिका और घटना के अन्य पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।


