सक्ती :- जिले में डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मणभाटा गांव के पास खरसिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने सामने से जा रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार हवा में उछलकर वाहन के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान रघुनंदन चंद्रा (निवासी ग्राम सुखदा) के रूप में हुई है। वे पेशे से शिक्षक थे और उस दिन घर से डभरा एसआईआर कार्य का पंचनामा जमा करने के लिए निकले थे। रास्ते में ही यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी।
सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित था और पुलिस-प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा हुआ है।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग तेज रफ्तार वाहनों, सड़क सुरक्षा की कमी और दोषी चालक की त्वरित गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आरोपी वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।




