12,000 बीघा जमीन के आरोपों पर विवाद तेज, कांग्रेस नेताओं पर सिविल-क्रिमिनल कार्रवाई
रायपुर/गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस नेताओं जितेंद्र सिंह और गौरव गोगोई के खिलाफ 500 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर किया है। यह मामला एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लगाए गए कथित “12,000 बीघा जमीन” के आरोपों से जुड़ा है।
मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं ने उनके खिलाफ जानबूझकर गलत और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि 9 फरवरी 2026 को इन आरोपों को लेकर सिविल और क्रिमिनल मानहानि की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
सरमा का कहना है कि राजनीतिक असहमति अलग बात है, लेकिन सार्वजनिक मंच से निराधार आरोप लगाना कानून के दायरे में आता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए उनके खिलाफ पूरी तरह झूठे और तथ्यहीन बयान दिए गए, जिसके चलते उन्हें अदालत का रुख करना पड़ा।
दरअसल, विवाद की शुरुआत 4 फरवरी को गुवाहाटी में आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता से हुई थी। असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया था कि पार्टी की आंतरिक जांच में मुख्यमंत्री और उनके परिवार द्वारा राज्यभर में करीब 12,000 बीघा जमीन पर कब्जे की बात सामने आई है। सरमा ने इन आरोपों को “झूठा, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक” बताया है।
इससे पहले सरमा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वे “बदनाम करने की कोशिश या राजनीतिक प्रचार से डरने वाले नहीं हैं” और यदि किसी के पास सबूत हैं तो अदालत में पेश करें।



