जांजगीर-चांपा – छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की सख्त चेतावनी के बावजूद प्रदेश में कारों पर खतरनाक स्टंटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में छात्रों द्वारा कार की बोनट पर बैठकर और खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करने के तीन नए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई है।
पहला मामला जांजगीर-चांपा जिले के जीएलडी स्कूल का है, जहां फेयरवेल पार्टी के दौरान कुछ छात्र कार की बोनट पर बैठकर स्कूल परिसर में एंट्री करते दिखे। इस मामले में पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालान काटा है।
दूसरा मामला सूरजपुर जिले के विश्रामपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल से जुड़ा है। यहां छात्र नेशनल हाईवे पर फोर व्हीलर की खिड़की से लटककर स्टंट करते नजर आए। बताया जा रहा है कि पांच कारों में सवार छात्र हूटर बजाते हुए हाईवे से गुजर रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच वाहनों को जब्त कर लिया है।
तीसरा मामला रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र के कुंरा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का है, जहां फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्र कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई दिए। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि चालक और आम लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि स्कूल-कॉलेज कार्यक्रमों में सुरक्षा को लेकर सख्ती जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके




