मनेन्द्रगढ़। जिले में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब जनकपुर से रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जा रही दुर्गा बस अचानक सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे करीब 54 जोड़े और अन्य यात्री सवार थे। हादसे में बस में मौजूद सभी लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक घटना पोड़ी थाना क्षेत्र के नागपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई। बताया जा रहा है कि बस तेज रफ्तार में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे गहरे गड्ढे में उतर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है, हालांकि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आने की खबर है।
हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे घायल यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।



