Raigarh Crime News : जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। होटल संचालिका से ट्रेलर वाहन किराए पर लेकर आरोपियों ने उसके डाले को बेच दिया और इंजन बेचने की तैयारी में थे। जीपीएस लोकेशन के जरिए पुलिस ने आरोपियों को दबोचते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परमेश्वर चौहान और उसके साथी लीलाम्बर प्रसाद चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
किराए के बहाने रची गई ठगी की साजिश
प्रार्थिया मीना चौहान (48 वर्ष) निवासी ग्राम कंचनपुर ने 7 फरवरी 2026 को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह घरघोड़ा–धरमजयगढ़ मार्ग पर अपने बेटों के साथ होटल संचालित करती हैं। दो वर्ष पूर्व उन्होंने रायगढ़ निवासी अकबर खान से करीब 16 लाख रुपये में पुराना ट्रेलर वाहन (क्रमांक CG-13-LA-4176) खरीदा था, जो टाटा फाइनेंस से फायनेंस कराया गया था।
बीमा और दस्तावेजों में देरी के कारण वाहन होटल के सामने खड़ा था। इसी दौरान घरघोड़ा क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कंपनियों में सुपरवाइजर का काम करने वाला परमेश्वर चौहान उनसे संपर्क में आया। उसने दस्तावेज खुद बनवाने और प्रति माह 85 हजार रुपये किराया देने का झांसा देकर ट्रेलर चलाने की अनुमति ले ली।
ट्रेलर ले जाकर संपर्क तोड़ा, डाला बेच दिया
20 जनवरी 2026 को परमेश्वर अपने साथी लीलाम्बर के साथ होटल पहुंचा और कुछ दिन ट्रायल चलाने की बात कहकर ट्रेलर ले गया। इसके बाद दोनों ने मोबाइल बंद कर लिया।
संदेह होने पर पीड़िता ने ट्रेलर में लगे जीपीएस से लोकेशन ट्रैक की, जो लैलूंगा क्षेत्र के कुंजारा में मिली। 5 फरवरी को जब वह अपने बेटों के साथ मौके पर पहुंची, तो वहां केवल ट्रेलर का इंजन खड़ा मिला, जबकि डाला गायब था।
GPS से खुला पूरा मामला
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 22 जनवरी 2026 के आसपास ट्रेलर का डाला बिलासपुर में बेच दिया था और इंजन को भी बेचने की तैयारी में थे।
इस मामले में थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 43/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू की टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी गिरफ्तार, इंजन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रेलर वाहन का इंजन जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



