रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद् (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार, 11 फरवरी को सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। यह बैठक नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में होगी। माना जा रहा है कि बैठक में राज्य के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों और नीतिगत फैसलों पर चर्चा की जाएगी।
इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बस्तर पंडुम 2026 को लेकर एक वीडियो संदेश साझा किया। उन्होंने इस आयोजन को “परंपरा, पहचान और गौरव का उत्सव” बताया। Bastar Pandum 2026 का उद्देश्य बस्तर की समृद्ध लोक परंपराओं, कला और संस्कृति को न केवल राज्य बल्कि विश्व स्तर पर पहचान दिलाना है।
महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति में बस्तर पंडुम की संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन सरकार के संकल्प से यह महोत्सव बस्तरिया संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बस्तर, जो कभी भय और असुरक्षा की पहचान माना जाता था, आज विश्वास, शांति और विकास का सशक्त प्रतीक बन चुका है। सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
नक्सलमुक्त भारत के संकल्प की ओर बढ़ते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर अब डर की नहीं, बल्कि उम्मीद, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य की नई कहानी लिख रहा है। Bastar Pandum 2026 इसी बदलते बस्तर का सांस्कृतिक उत्सव बनकर उभरा है, जो इसकी पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है।



