कोरबा। जिले में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एसबीआई बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। घटना मानिकपुरी थाना क्षेत्र के दादर खुर्द मार्ग की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एसबीआई में चीफ मैनेजर पद पर कार्यरत राजू मोदी अपने परिवार के साथ रायपुर जमीन की रजिस्ट्री के सिलसिले में गए हुए थे। इसी दौरान उनका घर खाली पड़ा था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने बेडरूम की खिड़की की रॉड तोड़कर घर में प्रवेश किया।
देर रात करीब 1 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा मिला। निरीक्षण करने पर खिड़की टूटी हुई दिखी और अलमारी से लगभग 5 लाख रुपये के जेवरात गायब पाए गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 और मानिकपुरी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है ताकि सबूत जुटाए जा सकें।
मानिकपुरी थाना प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग मिलने की उम्मीद है।



