जगदलपुर : में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भव्य रूप से बस्तर पंडुम 2026 का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक आयोजन के साथ ही पूरे बस्तर अंचल में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है। राष्ट्रपति के आगमन और कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस द्वारा शहर में ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बस्तर पंडुम 2026 के माध्यम से बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और लोककलाओं को नजदीक से देखेंगी। यह आयोजन बस्तर की सांस्कृतिक विविधता और जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। आयोजन स्थल पर विशाल और भव्य मंच का निर्माण किया गया है, जिसे आदिवासी कला, पारंपरिक प्रतीकों और रंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इससे बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जा सके।
बस्तर पंडुम के अंतर्गत विभिन्न जनजातियों द्वारा पारंपरिक नृत्य, लोकगीत, वाद्ययंत्र, वेशभूषा और रीति-रिवाजों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। ये प्रस्तुतियां बस्तर की सांस्कृतिक आत्मा को दर्शाती हैं और दर्शकों को आदिवासी जीवनशैली से जोड़ती हैं।
राष्ट्रपति के स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और कार्यक्रम के सुचारू संचालन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। इसी बीच आज शाम को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के रायपुर आगमन की भी जानकारी है, जिससे राज्य में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।



