रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजिबल पुलिसिंग को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। इसी कड़ी में मौदहापारा पुलिस ने मेकाहारा के पास आकस्मिक चेकिंग अभियान के दौरान दो युवकों के पास से धारदार चाकू बरामद किए।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी अग्नि यादव (18) पुत्र राजेश यादव और मुकेश यादव (18) पुत्र रिखी यादव, दोनों दलदल सिवनी, थाना पंडरी के निवासी हैं। इनके खिलाफ थाना मौदहापारा में अलग-अलग अपराध क्रमांक 26/2026 और 27/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
सेंट्रल जोन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसीपी कोतवाली डिवीजन के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली, गोल बाजार, मौदहापारा और थाना गंज क्षेत्रों से दर्जन भर स्थाई वारंटी और लंबे समय से फरार वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
रायपुर पुलिस का यह अभियान चाकूबाजी, अवैध हथियार रखने वाले असामाजिक तत्वों और फरार वारंटियों के खिलाफ लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना और आम नागरिकों को सुरक्षित महसूस कराना है।



