गरियाबंद। मैनपुर-ओडिसा बॉर्डर पर जिला पुलिस ने माओवादियों का बड़ा हथियार डंप बरामद किया है। जनवरी 2026 में गरियाबंद में आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटे माओवादी से गहन पूछताछ में यह जानकारी मिली कि प्रतिबंधित संगठन सीपीआई माओवादी के ओडिसा राज्य कमेटी के शीर्ष नेतृत्व ने जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर भारी मात्रा में हथियार और टेक्निकल टीम के उपकरण डंप किए थे।
जानकारी के आधार पर जिला मुख्यालय गरियाबंद से ई-30 पुलिस टीम को 6 फरवरी 2026 को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। लगातार 36 घंटे चले सर्च अभियान में टीम ने छह अलग-अलग स्थानों से 2 इंसास, 1 303 राइफल, 1 देशी कट्टा, 1 सुरका (देशी बीजीएल लॉन्चर), 2 12 बोर, 2 सिंगल शॉट हथियार, 127 जिंदा राउंड, 8 मैग्जीन, 22 बीजीएल सेल, 1 बंडल इलेक्ट्रिक वायर और टेक्निकल टीम के विभिन्न वर्कशॉप उपकरण बरामद किए।
माओवादियों की टेक्निकल टीम उनके शीर्ष नेतृत्व के निगरानी में आईईडी और देशी हथियारों के निर्माण के साथ आटोमेटिक हथियारों की मरम्मत करती थी। जिला पुलिस ने पिछले डेढ़ साल से नक्सल उन्मूलन अभियान “ऑपरेशन विराट” के तहत क्षेत्र में सक्रिय माओवादियों को आत्मसमर्पण या निष्क्रिय करने में सफलता प्राप्त की थी।
इस डंप की बरामदगी के बाद ई-30 टीम ने गरियाबंद और आसपास के क्षेत्रों में माओवादी हिंसा की संभावना लगभग शून्य कर दी है, जिससे स्थानीय सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।



