दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) क्षेत्र में कॉपर वायर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरोह के सरगना और निगरानीशुदा अपराधी शत्रुघन धनकर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की रिपोर्ट के आधार पर की गई। CISF ने 3 फरवरी 2026 को थाना भिलाई भट्ठी को सूचना दी कि प्रोपेन प्लांट के पास से अज्ञात चोरों ने कॉपर वायर चोरी किया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। जांच के दौरान संतोष निषाद (35), निवासी स्टेशन मरोदा, भिलाई को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में संतोष ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी शत्रुघन धनकर और अन्य आरोपियों के साथ भिलाई स्टील प्लांट की बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर घुसा था। आरोपियों ने लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर एक हुंडई सेंट्रो कार (CG-04-E-9100) में लोड किया था, जिसे चोरी की नीयत से बाहर ले जाया जा रहा था। तभी CISF जवानों ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी संतोष के कब्जे से 1,36,500 रुपए मूल्य का 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर और घटना में इस्तेमाल वाहन जब्त कर लिया। संतोष को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। प्रकरण की आगे की जांच में पुलिस ने 6 फरवरी 2026 को गिरोह के सरगना शत्रुघन धनकर (43), निवासी संगम चौक, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड पर भेजा।
दुर्ग पुलिस की यह कार्रवाई न केवल चोरी के गिरोह को नष्ट करने में सफल रही, बल्कि स्थानीय सुरक्षा और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा बढ़ाने में भी मददगार साबित हुई है।



