प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने कहा : 6000 बेटियों के हाथ पीले होने से घबराई कांग्रेस, जनहित के कार्यों में डाल रही है बाधा
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को तथ्यों से परे और राजनीति से प्रेरित बताते हुए तीखा प्रहार किया है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस बिना अध्ययन किए अनर्गल प्रलाप करने की आदी हो चुकी है और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जैसे पवित्र कार्यक्रम पर झूठे आरोप लगाकर प्रदेश की बहन-बेटियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने शुक्रवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत प्रेस ब्रीफ में कहा कि कांग्रेस ने गुरुवार को जो प्रेस कॉन्फ्रेंस की, उसमें प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों में कोई तथ्यात्मक जानकारी नहीं थी। कांग्रेस के नेता बिना किसी तैयारी के केवल सरकार के विरुद्ध माहौल बनाने की नाकाम कोशिश करते हैं। डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अध्ययन करके ही किसी विषय पर कुछ कहना चाहिए। अध्ययन की कमी के कारण उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए झूठे दस्तावेज और बातें जल्द ही जनता के सामने बेनकाब हो जाती हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के टेंडर पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि पूरे प्रदेश में 6000 युवतियों का सामूहिक विवाह होना है। जब कोई कार्यक्रम अल्प सूचना पर आयोजित किया जाता है, तो शासन के नियमानुसार सीएसआईडीसी, एनआरडीए और पीडब्ल्यूडी में जो ‘एम्पैनल्ड फर्म्स’होती हैं, जिनके रेट पहले से अप्रूव्ड होते हैं, उन्हें कार्य आवंटित करने का प्रावधान है। वर्तमान में जो भी कार्य हो रहे हैं, वह पूरी तरह विधिवत और नियमों के दायरे में हैं। डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस को आईना दिखाते हुए कहा कि जो नियम आज लागू हैं, वही नियम भूपेश बघेल की सरकार के समय भी थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री सचिवालय और अन्य विभाग भी इसी प्रक्रिया के तहत कार्यक्रमों का आयोजन करते थे। यदि कांग्रेस आज इन नियमों को गलत बता रही है, तो वह सीधे तौर पर अपने ही पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के कार्यकाल पर भी प्रश्नचिह्न लगा रही है। कांग्रेस को आरोपों से पहले अपने पूर्व मुख्यमंत्री से पूछना चाहिए कि उन्होंने इन नियमों के तहत कार्यक्रम क्यों किए थे?
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होने वाला यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की गरीब और जरूरतमंद बेटियों के लिए है। प्रत्येक बेटी के विवाह के लिए 50 हजार रुपए तक की व्यवस्था की गई है, जिसमें 35 हजार रुपए की सीधी सहायता राशि शामिल है। कांग्रेस नहीं चाहती कि प्रदेश की 6000 बेटियों के हाथ पीले हों, इसीलिए वह कार्यक्रम को निरस्त कराने और समाज में गलत संदेश फैलाने की साजिश रच रही है। डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ की बहन-बेटियों के शुभ कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करना बंद करें और जनता को गुमराह करने के बजाय तथ्यों पर आधारित राजनीति करें। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने भी उपस्थित थे।



