बस्तर: जिले के बकावंड क्षेत्र स्थित मरखंडी नदी के बनियागांव डोंगाघाट इलाके में अवैध रेत खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता से प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरा एक हाइवा टिप्पर और उत्खनन में लगी जेसीबी मशीन जब्त कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, मरखंडी नदी घाट से दिनदहाड़े जेसीबी मशीन के जरिए रेत निकालकर हाइवा और टिप्परों से परिवहन किया जा रहा था। भारी वाहनों की आवाजाही और लगातार खनन से संदेह होने पर ग्रामीणों ने वाहनों को रोककर भानपुरी तहसीलदार को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तहसीलदार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण में बिना वैध अनुमति बड़े पैमाने पर रेत उत्खनन व परिवहन की पुष्टि हुई। इसके बाद मौके पर पंचनामा तैयार कर माइनिंग एक्ट और खनिज अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि रेत माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में स्थायी निगरानी व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लग सके।



