रायपुर। राजधानी रायपुर में दुकानों की छत तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में करोड़ों रुपये की चोरी करने के आरोप हैं। पुलिस उससे अन्य घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पंडरी इलाके में तीन दुकानों—लब-डब कपड़ा दुकान, नोवा फर्नीचर और डिजाइनर सेनिटेशन एंड हार्डवेयर—की छत तोड़कर कुल लगभग 7 लाख रुपये नकदी चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में सिविल लाइन थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित D. कांबले के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त (क्राइम व साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज की जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान लोकेश श्रीवास के रूप में की।
मुखबिर सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने रायपुर की चोरी की घटनाओं सहित मौदहापारा थाना क्षेत्र में के.के. रोड स्थित जया ऑटो मोबाइल दुकान में छत तोड़कर चोरी करना भी स्वीकार किया। इस मामले में मौदहापारा थाना में भी उसके खिलाफ अपराध दर्ज है।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से 79,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा घटना से जुड़ा एक अन्य मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार लोकेश श्रीवास का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। वह आंध्र प्रदेश के विजयनगर में ज्वेलरी दुकान से करीब 6 किलो सोना, ओडिशा में 500 ग्राम सोने के जेवर, दुर्ग में करोड़ों रुपये के हीरे-सोने के आभूषण, राजनांदगांव, कबीरधाम, बिलासपुर और रायपुर सहित कई स्थानों पर बड़ी चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। देशभर में वह लगभग दो दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
पुलिस के अनुसार आरोपी हाल ही में जेल से रिहा हुआ था और बाहर आते ही अगले दिन रायपुर में फिर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। फिलहाल उससे अन्य मामलों में भी पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू (35 वर्ष), पिता कपिल श्रीवास, निवासी कैलाश नगर, विवेकानंद स्कूल के पास, थाना कोतवाली, जिला कबीरधाम।




