बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सराफा व्यापारी से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उदयपुर (राजस्थान) के एक कथित आभूषण कारोबारी ने भरोसा जीतकर तेलीपारा स्थित ज्वेल्स दुकान संचालक से करीब 224.670 ग्राम सोना ठग लिया।
पुलिस के अनुसार, मार्च 2024 में कमलेश सोनी नामक व्यक्ति ने खुद को उदयपुर का बड़ा ज्वेलरी व्यापारी बताकर लीला ज्वेल्स के संचालक तुषार दोशी से संपर्क किया। आरोपी ने बाजार में जेवर बेचकर रकम लौटाने का भरोसा दिलाया।
व्यापारी ने उसकी बातों पर विश्वास कर लगभग 36.86 लाख रुपये कीमत के सोने के हार और कंगन कूरियर के जरिए उदयपुर भेज दिए। जेवर मिलने के बाद आरोपी ने सिर्फ 6,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और फिर न पैसे लौटाए, न जेवर वापस किए।
धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित व्यापारी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कमलेश सोनी के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।



