रायपुर। शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रायपुर पुलिस ने सेंट्रल जोन में बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर शुक्रवार को 35 चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटरों और आपराधिक तत्वों को थाने तलब कर उनकी परेड कराई गई और कड़ी चेतावनी दी गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू के नेतृत्व में सिविल लाइन, तेलीबांधा और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अपराधियों को थाने बुलाकर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे भविष्य में किसी भी अपराध में संलिप्त न हों। पुलिस ने उन्हें हर सप्ताह थाने में हाजिरी देने, अपराधी साथियों की जानकारी देने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने में सहयोग करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर गुंडा, डॉन, गैंगस्टर बनकर हथियारों के साथ फोटो-वीडियो और रील्स पोस्ट करने वालों को भी सख्त समझाइश दी। स्पष्ट किया गया कि चाकू, तलवार, पिस्टलनुमा लाइटर गन या अन्य हथियारों के साथ पोस्ट करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही स्कूल और कॉलेज परिसरों के आसपास बेवजह खड़े रहने वाले युवकों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। शैक्षणिक संस्थानों के सामने पान ठेले, चाय दुकानों और अन्य स्थानों पर अनावश्यक भीड़ लगाने वालों को भी मौके पर समझाइश दी गई, ताकि छात्रों की सुरक्षा और अनुशासन प्रभावित न हो।
30 जनवरी की रात देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के फाफाडीह और त्रिमूर्ति नगर स्थित स्लम एरिया व संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। शराब दुकानों के आसपास और संदिग्ध इलाकों में घूम रहे लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान की गई और अनावश्यक रूप से रात में घूमने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई।



