कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर के अन्नपूर्णापारा क्षेत्र में आज शाम एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हो गया। शहर के बीचों-बीच एक तेज रफ्तार ‘महेंद्रा’ बस ने सड़क किनारे जा रहे दो राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता और उनके मासूम बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
शाम की शांति चीखों में बदली
घटना आज शाम करीब 6:45 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अन्नपूर्णापारा के पास से गुजर रही महेंद्रा ट्रैवल्स की बस की रफ्तार बहुत अधिक थी। चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर की आवाज इतनी भयावह थी कि वह काफी दूर तक सुनी गई। लोग जब तक मदद के लिए दौड़ते, तब तक मासूम और उसके पिता दम तोड़ चुके थे। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
कल हुआ था जागरूकता का समापन, आज हुआ मातम
इस घटना ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के दावों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। विडंबना यह है कि कल ही जिले में ‘यातायात सुरक्षा सप्ताह’ का भव्य समापन किया गया था, जहाँ लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों की सीख दी गई थी। समापन के 24 घंटे भी नहीं बीते कि शहर के भीतर एक बेकाबू बस ने दो जिंदगियां लील लीं।



