दुर्ग। सार्वजनिक कार्यक्रमों में अश्लील नृत्य को कला बताने को लेकर पहले से विवादों में घिरे राज्य के कृषि मंत्री रामविचार नेताम एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। शुक्रवार को कामधेनु विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने प्लास्टिक बोतलों में शराब बिक्री को लेकर एक विवादित टिप्पणी कर दी।
जब पत्रकारों ने पर्यावरणविदों द्वारा प्लास्टिक बोतलों में शराब बेचने से कैंसर होने की आशंका पर सवाल किया, तो मंत्री ने हंसते हुए कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि प्लास्टिक की बोतल में शराब पीने से कैंसर होता है या कांच की बोतल में। उन्होंने कहा कि अनुभव लेने के बाद ही इस विषय पर कुछ कह पाएंगे।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने शराब को प्लास्टिक बोतलों में बेचने का निर्णय लिया है, जिसे लेकर पहले से ही विरोध के स्वर उठ रहे हैं।
धान खरीदी और कांग्रेस पर पलटवार
धान खरीदी की तारीख बढ़ाने के सवाल पर मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि समय भले ही कम बचा हो, लेकिन सरकार ने सभी किसानों से धान खरीदने की पूरी व्यवस्था कर रखी है।
कांग्रेस द्वारा आंदोलन की तैयारी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा भड़काने का काम करती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में धान खरीदी की स्थिति किसी से छिपी नहीं है।
यूजीसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया से परहेज
वहीं, यूजीसी से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट की रोक को लेकर पूछे गए सवाल पर कृषि मंत्री ने इसे राष्ट्रीय स्तर का विषय बताते हुए कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।



